जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से पूजा करने के पश्चात ओड़िशा लौट रहे 5 लोग सोमवार दोपहर दुर्घटना का शिकार हो गए. मंदिर से करीब 3 किमी दूर बांकादा के पास टर्निंग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर धान के खेत में उलट गई. घटना में शामिल लोगों में श्रीनिवास दंडपाट समेत दो लोग घायल हो गए. श्रीनिवास के एक हाथ की हड्डी टूट गई है, जबकि उसके एक साथी के सिर पर गंभीर चोट आई है. अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कार पश्चिम बंगाल नंबर की है, जबकि सवारी ओड़िशा के बताए जा रहे हैं. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकाला गया. बताते हैं कि ओड़िशा से दो कारों में सवार होकर करीब एक दर्जन लोग मंदिर आए थे. दुर्घटना की सूचना मिलते ही दूसरी कार पर सवार लोग घटनास्थल पर आए और घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचाया सभी लोग शराब के नशे में धुत बताए जाते हैं और घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी.














