जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां विवाहिता स्नेहा श्रीवास्तव का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले बागबेड़ा से सिदगोड़ा पहुंचे और शव को टीएमएच ले जाकर शीत गृह में सुरक्षित रखवाया गया. मृतका स्नेहा श्रीवास्तव की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है. उनका कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर स्नेहा को समय-समय पर प्रताड़ित किया जाता था. मृतका के भाई नितेश श्रीवास्तव का कहना है कि स्नेहा के शरीर पर मारपीट के स्पष्ट निशान हैं. विशेष रूप से, शरीर पर बेल्ट से पीटे जाने के गहरे निशान दिखाई दे रहे हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं परिजनों ने यह भी बताया कि स्नेहा श्रीवास्तव की कोई संतान नहीं थी. स्नेहा की शादी आठ साल पहले सिदगोड़ा निवासी निखिल श्रीवास्तव से हुई थी. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दहेज की मांग के लिए स्नेहा को प्रताड़ित किया जाता रहा. सोमवार को मायके वालों को सूचना मिली कि स्नेहा श्रीवास्तव का शव फंदे से लटक रहा है. परिजनों ने तुरत सिदगोड़ा पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर पड़ताल की जा रही है. फिलहाल आत्महत्या की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए हत्या के एंगल से गहन तहकीकात की जा रही है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है और न्याय की मांग उठ रही है. आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या थी या आत्महत्या. मामले की प्रगति की विशेष निगरानी रखी जा रही है.














