रामगोपाल जेना,चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत परिसदन सभागार में झारखंड विधानसभा की सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति के सभापति निरल पूर्ति की अध्यक्षता एवं समिति सदस्य विधायक जगत माझी की मौजूदगी तथा उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी-चाईबासा आदित्य नारायण, परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा, सिविल सर्जन डॉ.सुशांत माझी, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकारी विभाग के कार्यपालक अभियंताओं व अन्य की मौजूदगी में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया. परिसदन आगमन पर समिति के सभापति व सदस्य का उप विकास आयुक्त के द्वारा पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत किया गया.(नीचे भी पढ़े)

बैठक उपरांत समिति के सभापति श्री पूर्ति ने बताया कि झारखंड विधानसभा सरकारी उपक्रम संबंधी समिति का प्रमुख उद्देश्य सरकारी उपक्रमों के संचालन, उन पर किए गए खर्च, योजनाओं की प्रगति और आम जनता को दी जा रही सेवाओं की निगरानी करना है. इसी के परिपेक्ष्य में आज समिति के द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिले के 29 विभागों के पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक का आयोजन किया गया है तथा इस दौरान वन निगम, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्पाद विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जलपथ प्रमंडल, खनन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन का जायजा लिया गया है. समिति के सभापति ने बताया कि समीक्षा के क्रम में सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों व अभियंताओं को समिति के समक्ष उपस्थापित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा संबंधित प्रतिवेदन समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है.














