पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को पटना में बिहार भाजपा के नेताओं की मैराथन बैठक हुई. इस बैठक में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल और दोनों डिप्टी सीएम समेत कई बड़े नेता मौजूद थे. इस दौरान 110 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची पर मंथन हुआ. यह सूची केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजी जाएगी. जहां नामों पर अंतिम मुहर लगेगी. चुनाव समिति की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है.(नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि भाजपा 2020 में 110 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. इस बार कम से कम इससे कम तो नही होगा. भाजपा चुनाव समिति की बैठक में 125 सीटों पर विस्तार से चर्चा हुई. सबसे पहले भाजपा सीटिंग विधायकों को लेकर चर्चा की. भाजपा के पास फिलहाल 80 विधायक है. हलांकि भाजपा 25- 30 विधायकों का टिकट भी काटने जा रही है. टिकट काटने के अलग अलग कारण है. विधायकों के परफारमेंस, उम्र, एंटी इन्कबेंसी और भी कारण के आधार पर टिकट काटे जाएंगे. राजनीतिक जानकारों के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने कई बड़े नेताओं और मंत्रियों को चुनाव में उतार सकती है. बिहार के बड़े नेताओं जैसे की राधामोहन सिंह, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, संजय जायसवाल, सम्राट चौधरी, शाहनवाज हुसैन को मैदान में उतार सकती है.














