रांची : झारखंड में अब मानसून विदाई की ओर है. रांची केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों को देखते हुए 11 अक्टूबर से झारखंड में बारिश की संभावनाएं कम है. वहीं 11 अक्टूबर के बाद से मॉनसून के विदा होने की संभवानाएं बन रही है. इसी बीच संभवत: 11 से 15 अक्टूबर के बीच मॉनसून की विदाई संभव है. उन्होंने बताया कि राज्य में अब बादल छंट रहे है. पर गुरुवार और शुक्रवार को कुछ जिलों में बादल छाये रहेंगे. कहीं कहीं छिटपूट बारिश होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश में अब कमी आयेगी. मॉनसून की वापसी के बाद हवाओं का रूख बदलेगा और मौसम साफ होगा. वहीं हाल के दिनों में सुबह हल्की ठंड महसूस की जा रही है. पिछले 24 घंटे में राज्य में मॉनसून कमजोर रहा है. सबसे अधिक वर्षआ 21.8 एमएम धनबाद में रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अक्टूबर में सामान्य से दोगुनी बारिश – इस बार अक्टूबर की शुरुआत से अब तक झारखंड में सामान्य से 99 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गयी है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर माह में अब तक राज्य में 66.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य औसत मात्र 38 मिमी होती है. यानी अक्टूबर में अब तक लगभग दोगुनी वर्षा दर्ज की गयी है. पूरे मानसून सीजन (जून से सितंबर) में राज्य में कुल 1184.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 1188.4 मिमी के बेहद करीब है. इसका मतलब यह है कि इस वर्ष झारखंड में मानसून औसतन सामान्य रहा.














