जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज में आपसी विवाद को लेकर दो छात्रों के बीच मारपीट हुई, जिसमें एक छात्र को चोटें आयी है. हालांकि मारपीट घटना की शिकायत नहीं की गयी. घटना के संबंध में बताया जाता है कि अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के इलेक्ट्रिकल विभाग के पांचवें सेमेस्टर के दो छात्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. गुरुवार को कालेज में छात्रों का वाइवा की परीक्षा थी, जिसके बाद छात्र पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान किसी बात को लेकर जुगसलाई निवासी ध्रुव कुमार व गोविंदपुर निवासी अमित सिन्हा के बीच विवाद उत्पन्न हो गया. इस बीच आवेश में आकर अमित सिन्हा ने कीरिंग वाले चाकू से ध्रुव पर प्रहार कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर हल्की चोटें आयी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद कालेज प्रशासन ने दोनों छात्रों को बुलाकर अभिभावकों को बुलाकर लाने के लिए कहा. इसके बाद दोनों के अभिभावक पहुंचे और घटना की जानकारी दी गयी. इसके बाद कालेज प्रशासन ने दोनों को चेतावनी देकर मामले को शांत कराया. हलांकि घटना को लेकर किसी तरह की शिकायत दर्ज नही करायी गयी है.














