मेदिनीनगर (पलामू) : उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार को उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं के मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई. इस बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं सभी महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित रहे. सर्वे पोषण ट्रैकर के सभी सूचकांकों की समीक्षा की गयी, जिसमें एफआरएस अन्तर्गत राज्य स्तर पर पलामू का रैंक-15 है एवं अनुपात औसत 68.19 है. जिलान्तर्गत बाल विकास परियोजना, हुसैनाबाद, हैदरनगर, तरहसी एवं विश्रामपुर का औसत अनुपालन जिला में सबसे कम है.सम्बंधित चारों परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाओं के वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक पोषण पखवाड़ा आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रति कार्य दिवस में आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर, परियोजना स्तर एवं जिला स्तर पर पोषण से सम्बंधित गतिविधि का आयोजन कर पोषण अभियान के डैशबोर्ड पर इन्ट्री करने का निदेश दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
राज्य स्तर पर जिला का रैंकिंग के आधार पर पुरस्कृत किया जाता है. वर्तमान में जिला का स्थान राज्य में 15वें स्थान पर है.प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना की समीक्षा के दौरान महिला पर्यवेक्षिका स्तर पर लम्बित आवेदनें एवं ड्यू लिस्ट पेंडिंग को शून्य करने का निदेश दिया गया. इस योजना में बाल विकास परियोजना, हुसैनाबाद, हैदरनगर, हरिहरगंज, पाटन एवं तरहसी परियोजना का उपलब्धी सबसे कम है. संबंधी परियोजना से महिला पर्यवेक्षिकाओं को संतोषजनक प्रगति होने तक वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया. पोषण ट्रैकर अन्तर्गत सभी सूचकांकों एवं प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में शतप्रतिशत प्रगति करने का निर्देश दिया गया. साथ ही समर कार्यक्रम अन्तर्गत अति गंभीर कुपोषित बच्चों जो पोषण ट्रैकर में इन्ट्री किये गये हैं, उसे समर कार्यक्रम से जोड़ने एवं उसके प्रबंधन हेतु निर्देशित किया गया.












