जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा वीणापाणि नर्सिंग होम के संचालक दिलीप दास के उलियान स्थित आवास में घुसकर अपराधियों ने लूटपाट की. इस मामले में एक एफआइआर दायर किया गया है. दिलीप दास के घर पर हथियारबंद अपराझी घुसे और करीब 25 लाख से अधिक का बहुमूल्य सामान और गहने के अलावा कैश लेकर चले गये. इस घटना के बाद रविवार को दिलीप दास के परिवार ने कदमा थाना में केस दायर किया. इस मामले की जांच की जा रही है. दरअसल, अपराधियों ने चेतावनी दी थी कि अगर पुलिस के पास वे लोग गये तो जान से मार देंगे, लेकिन हिम्मत जुटाकर दास परिवार थाना गये. (नीचे भी पढ़े)
दूसरी ओर, इस लूटपाट की घटना पर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने गहरा क्षोभ व्यक्त किया है. उनके निर्देश पर सोमवार को तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, शेषनाथ पाठक, सपन दास, माधव सिंह और दिनेश सिंह पीड़ित परिवार से मिले और घटनाक्रम की जानकारी ली. सनद रहे कि दिलीप दास कदमा के रामनगर रोड नंबर-2 के निवासी हैं और नर्सिंग होम के संचालक हैं. दिलीप दास ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि उनके घर में घुसकर अपराधियों ने पिस्तौल दिखा कर उनको और उनके पुत्र को बंधक बना लिया था. इतना ही नहीं, अपराधी 25 लाख रुपये सममूल्य के गहने, डीवीआर और कार की चाबी भी ले गए. इस संबंध में तारक मुखर्जी ने कदमा थाना प्रभारी से भी बात की. थाना प्रभारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि अपराधी पकड़े जाएंगे.











