जमशेदपुर : टाटा स्टील ने जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपने पहले 6-ए-साइड फुटसल टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक आयोजन किया, जो खेल भावना, फिटनेस और टीमवर्क के भावना का जश्न था. टूर्नामेंट में 10 टीमों और 90 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिन्होंने गति, कौशल और रणनीति का रोमांचक प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता की शुरुआत पांच-पांच टीमों के दो पूलों के बीच राउंड-रॉबिन प्रारूप में हुई, जिसके बाद रोमांचक नॉकआउट राउंड्स हुए, जिन्होंने दर्शकों को अंतिम सीटी तक बांधे रखा. (नीचे भी पढ़े)

रोमांचक फाइनल मुकाबले में डियो जुवांते एफसी ने शानदार खेल दिखाते हुए इनकंप्लीट एफसी को पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि इनकंप्लीट एफसी उपविजेता रही. प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों ने इस पहल की बेहद प्रशंसा की. इसके जीवंत माहौल और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा को सराहा, जो समुदाय में फुटसल के बढ़ते उत्साह को बखूबी दर्शाता है. इस पहले संस्करण की सफलता ने जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भविष्य में और भी रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक खेल आयोजनों के लिए एक प्रेरणादायक आधार तैयार कर दिया है. टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सूरज कुमार गुप्ता (डियो जुवांते एफसी) बने जबकि टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर शादाब खान (इनकंप्लीट एफसी) और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी अफरीदी (जेएफएफ एफसी) – 5 गोल को दिया गया.











