रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : बीती रात को भाकपा (माओवादी) नक्सलियों ने छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव स्थित एयरटेल मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, करीब दर्जनभर हथियारबंद नक्सली देर रात अचानक गांव पहुंचे. उन्होंने पहले ग्रामीणों को घरों में बंद रहने की चेतावनी दी, फिर टावर पर लगे पैनल और बैटरी उपकरणों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. कुछ ही मिनटों में टावर धधक उठा और पूरे इलाके में लपटें दिखने लगीं. (नीचे भी पढ़ें)

फटते रहे उपकरण, रातभर गूंजती रही धमाकों की आवाज : आग लगने के बाद टावर के उपकरणों के जलने और फटने से रह-रहकर तेज आवाजें आती रहीं. ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब एक बजे तक पूरे क्षेत्र में धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं. टावर के चारों ओर धुआं फैल गया और बिजली की तारें जलकर टूट गईं. इस वारदात के बाद ग्रामीण पूरी रात भय के साए में रहे। किसी ने अपने घरों से बाहर झांकने की हिम्मत तक नहीं की. (नीचे भी पढ़ें)
पोस्टरों के जरिए दी पुलिस को धमकी : घटना स्थल पर नक्सलियों ने कई पोस्टर और पर्चे भी छोड़े हैं, जिनमें उन्होंने अपने मारे गए साथियों का बदला लेने की चेतावनी दी है. पोस्टर में “ऑपरेशन कगार” के विरोध में 8 से 14 अक्टूबर तक प्रतिशोध सप्ताह और 15 अक्टूबर को झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में बंद करने का आह्वान किया गया है.











