जमशेदपुर : शहर की सामाजिक संस्था वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी इस वर्ष भी हर साल की तरह जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियों का त्योहार दिवाली मनाने जा रही है. संस्था की ओर से शहर के विभिन्न झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच दिवाली की सामग्रियों का वितरण किया जाएगा. इस विशेष अभियान की तैयारी संस्था की टीम पिछले एक सप्ताह से लगातार कर रही है. अभियान के तहत संस्था के युवा स्वयंसेवक घर-घर जाकर जरूरतमंद परिवारों को दीया, तेल, फुलझड़ी, लड्डू, मोमबत्ती, लावा, मिठाई एवं अन्य आवश्यक सामग्रियां वितरित करेंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपने घरों में दीप जलाकर हर्षोल्लास के साथ दिवाली का त्योहार मना सकें. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था के संस्थापक हरि सिंह राजपूत ने बताया कि दिवाली केवल अपने घरों को रौशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि उन घरों तक खुशियां पहुंचाने का अवसर भी है, जहां आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की रौनक फीकी रह जाती है. हमारी कोशिश है कि समाज का कोई भी परिवार दिवाली की खुशियों से वंचित न रहे. संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना है.












