बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में दीपावली के त्योहार के निकट आते ही बाजार में सजावटी लाइटों से बजार जगमगा रहा है. वही बाजार में भारतीय एलईडी लाइट्स की मांग बढ़ रही है. ग्राहक अब चाइनीज लाइट्स की बजाय टिकाऊ और देशी विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं. घरों और दुकानों की सजावट के लिए लोग एलईडी, झालर, सीरियल बल्ब और स्मार्ट लाइटिंग की खरीदारी में जुट गए हैं. इस बार बाजार में चाइनीज और भारतीय एलईडी लाइट्स के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है. स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक दुकानदारों के अनुसार, इस बार ग्राहक चाइनीज लाइट के बजाय भारतीय कंपनियों की लाइट की खरीद को प्राथमिकता दे रहे हैं. पहले लोग कम कीमत देखकर चाइनीज लाइट खरीद लिया करते थे, इस बार उनका कम कीमत का भरम जल्द ही टूट गया जब चाइनीज लाइट एक दीपावली भी नही चल पाया यही कारण है कि ग्राहक अब अधिक मूल्य चुका कर टिकाऊ और देशी लाइट को प्राथमिकता दे रहे हैं.
इलेक्ट्रिकल दुकानदार विकास कुण्डू का कहना है कि भारतीय कंपनियों द्वारा अब डिजाइन, रंग और फिनिशिंग में चाइनीज लाइट को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. क्षेत्र के लोगों ने बिजली बचाने और तार खींचने से बचने को लेकर सोलर झालर, गार्डन लाइट और मोशन सेंसर लाइट खरीद रहे हैं. इस बार सोलर और रिचार्जेबल एलईडी लाइट्स की मांग में बढ़ोतरी हुई है. दीपावली पर घरों की सजावट में लोग अलग दृष्टिकोण अपना रहे हैं. दीपावली नजदीक आते ही इलेक्ट्रानिक्स बाजार में रौनक छाने लगी है. त्योहार से एक सप्ताह पूर्व से ही बाजारों में लोग खरीददारी करने में जुट चुके हैं.




