सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में 30 करोड़ रुपये की बिजली चोरी से जुड़ा बड़ा भ्रष्टाचार मामला उजागर हुआ है. इसके बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. विभागीय अधिकारी अब मामले की लीपापोती में लग गए हैं. मिली जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी इंस्टान कम्युनिटीज लिमिटेड पर बिजली चोरी का गंभीर आरोप था और जिस पर एफआईआर दर्ज कर मामला कोर्ट में लंबित है, उसी कंपनी को नाम बदलकर नया बिजली कनेक्शन दे दिया गया है. यह पूरा खेल आदित्यपुर सब डिवीजन-2 में हुआ बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, यह गड़बड़ी जुलाई- अगस्त 2025 के दौरान हुई. इस मामले में सहायक अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर और बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि जमशेदपुर महाप्रबंधक और अधीक्षण अभियंता को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी. यह वही कंपनी है जिसे रघुवर सरकार के कार्यकाल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी के आरोप में पकड़ा था. उस समय इंडक्शन फर्नेस इकाइयों में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का खुलासा हुआ था. तत्कालीन आईजी अनिल पाल्टा की निगरानी में वर्ष 2017-18 में हुई जांच में कई कंपनियों पर कार्रवाई की गई थी. बाद में संबंधित कंपनी बंद हो गई थी और मामले में आरोपी कोर्ट से जमानत पर हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बावजूद अब उसी यूनिट को नए नाम जय राधा माधव ऑटोमोबाइल्स प्रालि. के तहत नया बिजली कनेक्शन दे दिया गया है. सूत्रों का कहना है कि कंपनी के पुराने मालिक ने इसे छत्तीसगढ़ के एक उद्योगपति को बेच दिया, जो अब इस विवाद में फंस गया है. सूत्रों का यह भी कहना है कि इंस्टान कम्युनिटीज लिमिटेड पर 30 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है, लेकिन विभागीय मिलीभगत के चलते उसी जगह पर नया कनेक्शन जारी कर दिया गया. माना जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में करोड़ों रुपये के लेन- देन की डील हुई है. मामले के खुलासे के बाद आदित्यपुर क्षेत्र के बिजली विभाग के कई अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग तेज हो गई है, जबकि विभागीय स्तर पर इस पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.











