जमशेदपुर : इंडियन नेशनल स्टील, मेटल, मेटल माइंस सर्विसेज एंड इंजीनियरिंग एम्प्लॉइज फेडरेशन के तत्वावधान में टाटा स्टील यूआइएसएल श्रमिक यूनियन के सहयोग से बिष्टुपुर के नेताजी सुभाष सभागार में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम उपस्थित रहे. उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने, नई जिम्मेदारियां संभालने तथा नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया. विशिष्ट अतिथि टाटा स्टील के जीएम मेडिकल डॉ. विनिता सिंह ने भी महिला सशक्तिकरण, समान अवसर एवं कार्यस्थल पर सम्मान के महत्व पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन टाटा स्टील यूआईएसएल श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, अध्यक्ष, TSUISL श्रमिक यूनियन ने किया.(नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ. शहनवाज आलम एवं महिला कोर कमेटी से देविका सिंह सहित टाटा स्टील यूआईएसएल श्रमिक यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे. एथिक्स की चीफ डिवीज़नल मैनेजर रेणुका सिंह एवं टाटा स्टील यूआईएसएल के इंडस्ट्रियल रिलेशनशिप के चीफ मैनेजर प्रमोद भानभेरू भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल ग्लोबल यूनियन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर ज्योति चौहान एवं अनिशा मारिया राजू ने दिल्ली से सहभागिता की. उन्होंने संगठन की गतिविधियों, परियोजनाओं एवं महिला नेतृत्व से संबंधित पहलों की जानकारी दी. कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए गए. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील की पूर्व एचआरएम प्रमुख ज्योति पांडेय ने भावनात्मक बुद्धिमत्ता, तनाव प्रबंधन एवं कार्य-जीवन संतुलन पर, रेणुका सिंह ने लैंगिक समानता, कार्यस्थल पर गरिमा एवं पॉस जागरूकता पर तथा सुश्री निधि (प्रमुख टीक्यूएम, टाटा स्टील) ने टीम सदस्य से टीम लीडर बनने तक के नेतृत्व कौशल पर प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी. समापन सत्र में रघुनाथ पांडेय ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया.
अंत में टाटा स्टील यूआईएसएल यूनियन की सहायक सचिव संजू महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उद्योग में समानता और सुरक्षित कार्यस्थल को प्रोत्साहित करना था.












