जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में गश्त लगा रहे टाइगर मोबाइल के जवान मंगलवार को उस समय सकते में आ गए, जब एक लगभग आठ वर्षीय बालक को अकेले सड़क पर भटकते देखा. जवानों ने बच्चे को रोक कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम नवाज, पिता का नाम इमरान खान और मां का नाम निशात फरहा बताया. जब उससे घर का पता पूछा गया तो वह कभी मानगो तो कभी अन्य किसी जगहो का नाम बताने लगा. उससे सटीक जानकारी नहीं मिल पाने के कारण टाइगर जवान उसे साकची थाना लाकर पुलिस के संरक्षण में दे दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बच्चा फिलहाल साकची थाना में पुलिस के संरक्षण में है. पुलिस का कहना है कि बच्चा संभवतः अपने घर का रास्ता भटक गया है. फिलहाल साकची थाना पुलिस ने आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी है और बच्चे के परिजनों की तलाश में जुट गई है.साकची थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस बच्चे को पहचानता हो या उसके माता-पिता के बारे में जानकारी रखता हो तो कृपया साकची थाना में संपर्क करें ताकि बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके. थाना परिसर में फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और पुलिस उसके रहने और खाने-पीने की पूरी देखभाल कर रही है.











