चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के एक गांव में गुरुवार को एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. गांव के ही पद्मलोचन महतो पर दुष्कर्म का आरोप लगा है. वह फरार बताया जा रहा है. नाबालिग को परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में लाये हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पीड़िता के परिजनों के मुताबिक नाबालिग की मां सुबह में धान काटने के लिए खेत गई थी. उनकी नाबालिग पुत्री घर में अपनी छोटी बहन के साथ थी. धान कटनी करने के बाद मां घर आई तो नाबालिग बेटी रो रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
उसने पूछने पर बताया कि गांव के ही पद्मलोचन महतो (45) घर आया और उसे बोला कि लकड़ी काटने के लिए जंगल चलो. पद्मलोचन महतो को अभिभावक समझ कर वह उसके साथ जंगल चली गई. जंगल में अकेले पाकर वह छेड़खानी करने लगा. जब उसने विरोध किया तब कहा कि यहां कोई सुनने और बचाने वाला नहीं है. उसके बाद उसने उसका मुंह दबाकर दुष्कर्म किया. इधर पीड़िता का फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में इलाज चल रहा है. थाना के एएसआइ कवींद्र पोद्दार ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंचकर मामले की जानकारी ली है. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले की छानबीन की जा रही है.














