बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा जाइलो कार और 20,760 रुपये नकदी भी जब्त कर ली है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जमशेदपुर को 22 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की जाइलो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर- ओडी02जेड-8532) में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर तस्कर बहरागोड़ा की तरफ आ रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण एसपी के निर्देशानुसार घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

गठित टीम ने बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के जामशोला चेकनाका (एनएच-49) पर बैरिकेडिंग लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रही संदिग्ध सफेद कार को रोका गया. बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजा राम सिंह मुंडा की मौजूदगी में जब कार की तलाशी ली गयी, तो पुलिस भी हैरान रह गयी. तस्करों ने कार की डिक्की के बॉडी पार्ट को काटकर एक गुप्त तहखाना (सुरंगनुमा स्थान) बना रखा था, जिसमें एक-एक किलो के 44 पैकेट गांजा छिपाए गए थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के सम्बलपुर जिले के नाकटीडौल थाना क्षेत्र निवासी भामावती साहू (40 वर्ष) और ध्रुव चरण बेहरा (50 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के फुलवानी (कंधमाल) जिले से लेकर आ रहे थे और इसे पश्चिम बंगाल के खड़गपुर समेत अन्य इलाकों में बेचने की योजना थी.












