जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रेम कुंज से लाल बिल्डिंग की ओर जाने वाली सड़क पर शनिवार शाम एक बड़ी दुर्घटना घटित हो गई. अचानक नियंत्रण खोने के कारण एक वाहन सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा. इस हादसे में दुकान में बैठे दुकानदार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर भीड़ से निकलकर भाग गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ कर दी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर थाना ले गई और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजवाया गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है.














