जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उप-चुनाव 2025 के मद्देनजर ईवीएम मशीनों के डिस्पैच एवं रिसीविंग कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है. जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस ने जानकारी दी है कि 10 नवंबर और 11 नवंबर को भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को प्रातः 4:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक तथा 11 नवंबर 2025 को अपराह्न 4:30 बजे से रात्रि 11:30 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश और निकासी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर केवल छोटे वाहनों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही चलने की अनुमति दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि यह व्यवस्था घाटशिला उप-चुनाव के मतदान सामग्रियों के सुरक्षित परिवहन को ध्यान में रखते हुए की गई है. किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ या अवरोध न हो, इसके लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी. साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से भारी वाहन लेकर सड़कों पर न निकलें. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि उल्लंघन की स्थिति में संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भी अलर्ट पर रखा गया है.




