आदित्यपुर : गम्हरिया थाना क्षेत्र के सालडीह मोड़ के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. वहीं, घायल स्कूटी सवार दोनों युवक और एक अन्य राहगीर को त्वरित उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है, जिसकी पहचान कांड्रा के विजय महती के रूप में की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने बताया कि सालडीह मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था की मांग की है. फिलहाल शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.











