जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने वर्ष 2018 में जमीन खरीद-बिक्री एवं अन्य कार्यों के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी के आरोपी कौशल तिवारी उर्फ बबलू के घर पर रविवार को कोर्ट से जारी इश्तेहार चिपकाया. एग्रिको एल5/76 निवासी टाटा स्टील कर्मी शंकर तिवारी एवं उनके दो पुत्रों, पंकज तिवारी एवं कौशल तिवारी पर शहर के कई लोगों से भारी भरकम रकम ठगने का आरोप है. पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, ठगी प्रकरण की जांच के दौरान पिता-पुत्र शंकर और पंकज तिवारी ने अग्रिम जमानत ले ली थी, लेकिन कौशल तिवारी पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा है. लगातार नोटिस और समन के बावजूद उसकी ओर से अदालत में कोई हाजिरी नहीं लगाई गई. इस पर न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसके खिलाफ इश्तिहारी कार्रवाई का आदेश दिया. रविवार को अधिकारियों की टीम रविवार सुबह ढोल बाजे के साथ एग्रिको स्थित उसके आवास पर पहुंची और मुख्य द्वार पर इश्तिहार चस्पां किया. इश्तिहार में कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कौशल तिवारी एक महीने के भीतर अदालत में आत्मसमर्पण करे, अन्यथा उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक थी. इधर, स्थानीय लोगों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही.














