जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के इंजन डिवीजन में कार्यरत कर्मचारी सुबोध पात्रो (59) की शनिवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई. कर्मचारी की मौत के बाद मुआवजे और आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों ने आजसू युवा मोर्चा के जिला प्रभारी मंटू शुक्ला के नेतृत्व में टाटा मोटर्स के मेन गेट पर जमकर प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंची टेल्को पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया. देर रात कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच हुई वार्ता भी बेनतीजा रही. प्रबंधन की ओर से करीब 77 लाख रुपये के भुगतान की जानकारी दिए जाने के बावजूद परिजन स्थायी नौकरी की मांग पर अड़े रहे. (नीचे भी पढ़ें)
16 मार्च को ड्यूटी के दौरान हुई थी दुर्घटना
परिजनों के अनुसार, टेल्को कॉलोनी के एम-50 निवासी सुबोध पात्रो 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलकर गिर गए थे. इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोट आई थी. परिवार का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इस घटना को इंजरी ऑन ड्यूटी (आईओडी) के रूप में दर्ज नहीं किया. परिजनों का यह भी आरोप है कि दबाव बनाकर 18 मार्च को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करा दिया गया. इसके बाद से पिछले आठ महीने से उनका वेतन भी रोक दिया गया था. शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
77 लाख रुपये का प्रस्ताव, फिर भी नहीं बनी सहमति
मौत के बाद मुआवजे और स्थायी नौकरी की मांग को लेकर परिजन कंपनी गेट पर डटे रहे. देर रात कंपनी के आईआर हेड सौमिक रॉय और टाउन हेड रजत सिंह के साथ परिजनों की बैठक हुई. बैठक में प्रबंधन की ओर से बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा मद में 72 लाख रुपये तथा पीएफ और ग्रेच्युटी के मद में शेष पांच लाख रुपये सहित कुल 77 लाख रुपये देय हैं. प्रबंधन के अनुसार, पीएफ और ग्रेच्युटी के कुल 31 लाख रुपये में से 26 लाख रुपये की निकासी पहले ही हो चुकी है. शेष पांच लाख रुपये भुगतान के लिए देय हैं। हालांकि, परिजनों ने इस प्रस्ताव के साथ सहमति नहीं जताई. (नीचे भी पढ़ें)
बेटे ने रखी स्थायी नौकरी की मांग
बैठक में मौजूद सुबोध पात्रो के दूसरे बेटे सहदेव पात्रो ने स्पष्ट रूप से आईओडी के तहत परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग रखी. परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य की सुरक्षा भी चाहिए. परिवार की ओर से मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने और कंपनी का गेट जाम करने की चेतावनी दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मजदूर नेता ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
इधर, मजदूर नेता बंटी ने कंपनी प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि कर्मचारी की मौत के बाद परिवार को न्याय और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए..वहीं, बैठक के अंत में प्रबंधन की ओर से परिवार के साथ विचार-विमर्श करने की बात कही गई. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई है और विवाद बरकरार है.












