जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में स्थित सरकारी कुएं के पास रहने वाले 64 वर्षीय विजय लकड़ा ने रविवार की रात कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. सोमवार की सुबह मोहल्ले के लोगों ने कुएं में तैरता हुआ शव देखा तो मामले की जानकारी तुरंत बिरसानगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकलवाया. पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बाद में परिजनों को सौंप दिया गया. स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, विजय लकड़ा बिरसानगर के रहने वाले थे और पोस्टल विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे. सेवानिवृत्ति के बाद पिछले कई महीनों से वे मानसिक बीमारी से ग्रसित थे। परिजनों ने बताया कि मानसिक तनाव और बीमारी के कारण वे कई बार असामान्य हरकतें भी करते थे. रविवार की रात घर से अचानक बाहर निकलने के बाद वे वापस नहीं लौटे. परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. सोमवार सुबह जब लोगों ने कुएं में शव देखा तो पहचान कर पुलिस को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान पर अस्वाभाविक मौत (यूडी) का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है और परिजन भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि विजय लकड़ा मानसिक रूप से बीमार थे और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया होगा. फिलहाल मामले में किसी तरह की साजिश या विवाद जैसी बात सामने नहीं आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो पाएगी. पुलिस ने कहा कि परिजनों को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. इस दुखद घटना से इलाके में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने बताया कि विजय लकड़ा शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन बीमारी के कारण वे पिछले कुछ समय से परेशान रहते थे.











