जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित सुखिया रोड क्वार्टर नंबर 83 में सोमवार की रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. घटना हसप्रीत सिंह के घर की है. बताया गया कि घटना के समय हसप्रीत की मां और बहन इलाज के लिए डेंटिस्ट के पास गई हुई थीं. घर में कोई मौजूद न होने के कारण आग तेजी से भड़क उठी. लपटें उठती देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. पड़ोसियों की तत्परता और दमकल की टीम के प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया. आग मुख्य रूप से स्टोर रूम में लगी, जहां रखा काफी सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
टीवी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर खाक हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दो से ढाई लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई गई है. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. विशेषज्ञों के अनुसार, आवासीय इलाकों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आग से बचाव के उपकरणों के अभाव में छोटी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है. स्थानीय प्रशासन और निवासियों को आग से सुरक्षा को लेकर जागरूक होने की आवश्यकता है.











