रामगोपाल जेना,मझगांव: पश्चिम सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड में बिरुवा स्पोर्टिंग क्लब कुंदरुगुटू,पांगा पंचायत की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मौजूद थे.फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में साडू एंड साडू और तीरिंग बुरू (ओड़िशा) की टीमें आमने-सामने थीं. रोमांचक खेल के बाद साडू एंड साडू टीम ने खिताब अपने नाम किया. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को परितोषित किया और आयोजन कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.(नीचे भी पढ़े)

मौके पर श्री गागराई ने कहा कि खेलकूद केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए हम एक-दूसरे की विचारधाराओं को समझते हैं और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं. उन्होंने आगे कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद का होना भी जरूरी है. खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा हमें अपने लक्ष्य की दिशा में मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि हर टीम को समान अवसर मिलता है और इस दौरान अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करना महत्वपूर्ण होता है.(नीचे भी पढ़े)
पूर्व मंत्री ने जीतने वाली टीम साडू एंड साडू को बधाई दी और उपविजेता तीरिंग बुरू टीम को भविष्य में उच्च स्तरीय प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी. उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि अपनी गलतियों से सीखना और समय का सही उपयोग करना सफलता की कुंजी है. उन्होंने इस तरह के खेल आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया और कहा कि ऐसे प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से नेतृत्व और टीम भावना का विकास होता है.समापन समारोह में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दुनिया कुम्हार, अन्य भाजपा कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.














