जमशेदपुर : टाटा स्टील ने सेफ्टी व हेल्थ को बढ़ावा देने की पहल के तहत ठेका कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य कर दिया है. वेंडरों को कहा गया है कि बिना स्वास्थ्य की जांच के एक भी कर्मचारी की इंट्री नहीं होगी. वहीं, उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए तय रेट को सात गुना बढ़ा दिया गया है. पहले वेंडरों (ठेकेदारों) को अपने कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के लिए 100 रुपये प्रति कर्मचारी देने होते थे, जिसको बढ़ाकर 700 रुपये प्रति कर्मचारी कर दिया गया है. एक दिसंबर से यह प्रावधान लागू कर दिया गया है और नये रेट को भी लागू कर दिया गया है. सोनारी स्थित टीएमएच हेल्थ चेकअप सेंटर में काॅन्ट्रैक्ट वर्कर हेल्थ चेक अप सर्विस उपलब्ध करायी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बदला हुआ रेट उन सभी दूसरे लोगों पर भी लागू होगा, जो वही हेल्थ चेक-अप पैकेज ले रहे हैं, जैसे पर्सनल ड्राइवर और सोसाइटी के सदस्य. ऐसे में वेडरों के समक्ष मुश्किलें पैदा हो गयी हैं. कंपनी की ओर से कांट्रैक्ट कर्मचारियों के साथ होने वाली घटना या मौत या फिर किसी तरह की परेशानी को रोकने के लिए यह कदम उठाया है. सभी वेंडरों को इ-मेल के जरिये जानकारी दी गयी है. स्वास्थ्य जांच को लेकर रेट बढ़ने से ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं.



