सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुचाई थाना क्षेत्र के लोप्सो गांव स्थित घने जंगल के बीच संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई शुक्रवार देर शाम पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में की गई. एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में नकली और अवैध अंग्रेजी शराब तैयार कर रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया और कुचाई की ओर रवाना किया गया. जैसे ही पुलिस टीम लोप्सो जंगल के चिन्हित स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद 2 से 3 व्यक्ति पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुए. सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया, परंतु घने जंगल और झाड़ियों का लाभ उठाकर वे फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस टीम ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद हुई. तलाशी में प्लास्टिक की बोतलें, जार और इनमें भरा लाल रंग का तरल पदार्थ मिला. इसी तरह 200 लीटर क्षमता वाले 8 नीले ड्रम से लगभग 1600 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा एक सफेद स्कॉर्पियो (जेएच05एपी 3535), 68 पेटी किंग्स गोल्ड, 12 पेटी ब्लैक टाइगर की कुल 80 पेटियां (लगभग 720 लीटर), 20-20 लीटर क्षमता वाले 15 जार में करीब 300 लीटर शराब, यानी कुल 1020 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई. साथ ही बोतलों के ढक्कन, खाली प्लास्टिक बोतलों से भरे बोरे, विभिन्न कंपनियों के लेबल, पेटी बनाने के लिए कार्टन बंडल, रंग मिलाने वाले डिब्बे और तिरपाल भी जब्त किए गए. पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.



