जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर परसुडीह बाजार समिति के पास छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने मौके से दो युवकों को 18 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपी पहले भी पुलिस की निगाह में थे, लेकिन पहली बार गिरफ्तार हुए हैं. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने स्वयं अपने बयान पर चार अभियुक्तों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर में परसुडीह संत अंथोनी हाई स्कूल के पास बाहागढ़ निवासी रतन बास्ते उर्फ बुतरू (23), बागबेड़ा सोमाय झोपड़ी घटरापाड़ा का रौशन बारला (26), बागबेड़ा के मंझला और मानगो निवासी इरफान का नाम शामिल है. इनमें से रतन बास्ते और रौशन बारला को पुलिस ने छापेमारी के दौरान धर दबोचा, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी पहली बार नशा कारोबार के मामले में पुलिस के हाथ लगे हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने चारों की गतिविधियों पर नजर रखी थी. देर रात जानकारी पुख्ता होते ही टीम सक्रिय हुई और परसुडीह बाजार समिति के निकट घेराबंदी कर रतन और रौशन को पकड़ा. तलाशी के दौरान दोनों के पास से 18 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसे जांच के लिए भेजा गया है. इधर पुलिस बाकी दो फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नशा कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे अभियुक्तों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



