रामगोपाल जेना,चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न मदों एससीए, एडीएफ, अनावद्ध और सीएसआर से चल रही योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला योजना पदाधिकारी तथा गोइलकेरा एवं बंदगांव के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे.बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत एवं आवंटित योजनाओं की मद-वार और एजेंसी-वार समीक्षा की. इस दौरान विशेष केंद्रीय सहायता निधि से गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत में निर्माणाधीन सड़क कार्य को 15 जनवरी 2026 तक हर हाल में पूरा कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल चाईबासा को दिया गया.(नीचे भी पढ़े)

समीक्षा के क्रम में बताया गया कि विशेष केंद्रीय सहायता निधि से जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों में अवस्थित 16 पुलिस पिकेट/कैंप में सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं. इनमें से 10 स्थानों पर अधिष्ठापन पूर्ण हो चुका है तथा 6 स्थानों पर कार्य जारी है.उपायुक्त ने आकांक्षी जिला निधि से संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की. इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को कुपोषण नियंत्रण से संबंधित प्रचार-प्रसार कार्य तेज करने तथा पंपलेट तैयार कर ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित कराने का निर्देश दिया गया.इसके साथ ही भवन प्रमंडल चाईबासा के कार्यपालक अभियंता तथा बंदगांव एवं गोइलकेरा के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आकांक्षी जिला निधि के अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया.



