जमशेदपुर : बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित टाटा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने आंदोलन की औपचारिक शुरुआत की. समिति ने बर्मामाइंस क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण, अवैध पार्किंग, सड़क जाम, सड़क दुर्घटनाओं और स्थानीय लोगों में फैल रहे भय के माहौल पर गंभीर चिंता जताई. समिति के अनुसार, विगत एक-डेढ़ वर्ष से टाटा स्टील द्वारा बर्मामाइंस में सड़क किनारे लगातार घेराबंदी किए जाने से मार्ग अत्यंत संकीर्ण हो गया है, जिसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है. इसका सीधा असर कर्मचारियों, एंबुलेंस, मरीजों, स्कूली बच्चों और स्टेशन जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
समिति ने बर्मामाइंस बाज़ार के पास स्थित स्लैग प्वाइंट को भी स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया, जहां से उड़ने वाली धूल राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. वहीं नुवोको सीमेंट कंपनी की गाड़ियों द्वारा पुंज कंपनी परिसर में की जा रही अवैध पार्किंग और उससे जुड़ी उगाही को जाम का मुख्य कारण बताया गया. इसके अलावा जुस्को से जुड़े कुछ लोगों द्वारा बस्ती टूटने की धमकी और प्रमुख मार्गों को बंद किए जाने को लेकर भी लोगों में असुरक्षा बढ़ी है. इन सभी मुद्दों पर सामूहिक निर्णय लेते हुए समिति ने शांतिपूर्ण एक दिवसीय धरना आयोजित करने की घोषणा की है.



