दुमका: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत की बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. जबकि जवान घायल हो गया. वे दोनों इलाके में लगी सड़क जाम को हटा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एसआई और एक कांस्टेबल को कुचल दिया.घटना के संबंध में बताया जाता है कि शिकारीपाड़ा इलाके में गिट्टी से लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई थी. जिससे दोनों ट्रकों के चालक और सह चालक समेत कुल चार लोग घायल हो गए थे.घटना की सूचना मिलने के बाद एसआई हेमंत भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.(नीचे भी पढ़े)
ट्रकों की भिडंत के कारण सड़क पर जाम भी लग गया था. एसआई हेमंत भगत दोबारा दुर्घटनास्थल पर लौटे और सड़क जाम हटाने व यातायात सामान्य करने में जुट गए. इस दौरान उनके साथ कांस्टेबल देवकी प्रजापति भी मौजूद थे. जब दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर व्यवस्था बहाल करने में जुटे थे, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित ने उन्हें कुचल दिया. इस हादसे में एसआई हेमंत भगत की मौके पर ही मौत हो गई.जबकि कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तत्काल इलाज के लिए दुमका के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.















