देवघर: नव वर्ष के पहले दिन की विशेष महत्ता को देखते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. देश के अलग अलग प्रदेशों से आएश्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलार्पण किया. भीड़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया. डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बाबा मंदिर पहुंचकर विधि व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिएडीसी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित जलार्पण को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़े)
इसके साथ ही कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की समीक्षा की. डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाबा मंदिर परिसर और संपर्क पथों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पॉलिथीन व थर्मोकॉल के उपयोग पर रोक लगाने और पर्यावरण के अनुकूल दोना-पत्तल, मिट्टी व बांस की डलिया के उपयोग करने का निर्देश दिया.जिला प्रशासन ने पहले से ही नव वर्ष पर संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं. कतार व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की कतारें अधिक दूर तक न जाएं और दर्शन सुचारू रूप से होते रहें.















