खरसावां : सरायकेला खरसावां जिले के ऐतिहासिक खरसावां गोलीकांड की 78वीं शहादत दिवस पर खरसावां स्थित शहीद पार्क में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद स्मारक (शहीद बेदी) तथा वीर शहीद केरसे मुंडा चौक स्थित शहीद स्मृति-चिह्न पर श्रद्धांजलि अर्पित कर अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गगराई, विधायक सुखराम उरांव, विधायक सविता महतो, विधायक जगत मांझी तथा पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर खरसावां के अमर वीरों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खरसावां गोलीकांड में हर साल लोगों का जो जमावड़ा लगता है, वह बताता है कि आज का दिन कितना महत्वपूर्ण है. आज का दिन खरसावां के शहीदों को नमन करने का दिन है. कोल्हान ही नहीं बल्कि पूरे राज्य से लोग यहां आते है. यह बताता है कि उनके प्रति कैसा सम्मान पूरे राज्य की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आदिवासी समुदाय के वीरों में यहां के शहीदों का नाम भी शामिल है. आदिवासियों और मूलवासियों का हक अधिकार, जल, जंगल जमीन का अधिकार की लड़ाई के लिए यहां के लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दी थी. (नीचे भी पढ़े)

यह स्थल इतिहास के पन्नों का वह हिस्सा है, जो ना कभी भूलने वाला है ना ही खत्म होने वाला है. आज हर साल की तरह इस साल भी शहीदों को याद करने और नमन करने का दिन है. उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गुआ गोलीकांड के शहीदों की तरह ही खरसावां के शहीद परिवार को भी सरकार खोजेगी. इस आंदोलन से जुड़े लोगों के परिजनों को खोजने के लिए एक कमेटी बनायी जायेगी. यह कमेटी बहुत जल्द अपना काम शुरू करेगी. गुआ गोलीकांड के शहीदों के परिजनों को सम्मान जिस तरह से दिया गया है. उसी तरह खरसावां गोलीकांड के शहीदों के भी परिवार को सम्मान सरकार देगी. हमें गर्व है इन वीर सपूतों पर. जिनके बदौलत, यहां के आदिवासी, मूलवासी सांस ले रहे है. सभ्यता संस्कृति के साथ आगे बढ़ रहे है. उन्होंने यह भी कहा कि खरसावां शहीद पार्क को जनता को समर्पित किया जायेगा. इस विषय पर चर्चा किया जा रहा है. यह यादगार स्थल बनकर जनता को समर्पित होगा. इस जगह का दुरुपयोग नहीं हो, इसके लिए सार्वजनिक तरीके से हम लोग खोले नहीं है. इसको नये सिरे से विकसित कर इसको जनता के लिए खोला जायेगा.















