जमशेदपुर : जमशेदपुर में जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव का आयोजन 09 से 11 जनवरी तक जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोपाल मैदान में किया जा रहा है. यह उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत के संरक्षण व प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. तीन दिवसीय आयोजन में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार, विचारक एवं सांस्कृतिक कर्मी भाग लेंगे. साहित्य उत्सव में जिन प्रमुख साहित्यकारों एवं बुद्धिजीवियों की सहभागिता होगी, उनमें पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय, पद्मश्री हलधर नाग, पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत, डॉ. नारायण उरांव, डॉ. अनुज लुगुन, डॉ. पार्वती तिर्की, डॉ. अशोक कुमार सेन, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, डॉ. हिमांशु बाजपेयी, डॉ. सुरिंदर सिंह जोधका, डॉ. नेहा तिवारी, जेरी पिंटो, नीलोत्पल मृणाल, चंद्रहास चौधरी, महादेव टोप्पो, संजय कच्छप, निरंजन कुजूर, रणेन्द्र कुमार, रजा काजमी, बिक्रम ग्रेवाल, अक्षय बहिबाला, राहुल पंडिता, सौरव रॉय, प्रेमचंद उरांव, रविंद्रनाथ मुर्मू, यदुंवश प्रणय, अनुकृति उपाध्याय, जोबा मुमूट, शताब्दी मिश्रा सहित अनेक साहित्यकार शामिल हैं. पहले दिन 9 जनवरी को झारखंड – आदिवासी भाषा-साहित्य की विश्व दृष्टि पर चर्चा होगी, जिसमें डॉ. पार्वती तिर्की, डॉ. अनुज लुगुन शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद आदिवासी इतिहास का अध्याय पर पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय, डॉ. अशोक कुमार सेन होंगे. इस दौरान साहित्यिक सत्रों के साथ-साथ दर्शकों के लिए लाइव ग्लिटर आर्ट, लाइव पेंटिंग, लाइव पॉटरी, लाइव बैंड परफॉर्मेंस, जनजातीय नृत्य द्वारा पारंपरिक स्वागत, नाट्य प्रस्तुति “लोहे का आदमी और लोहारिन”, स्थानीय छऊ नृत्य, जनजातीय खेलों की प्रस्तुति एवं पुस्तक व कहानी स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आयोजन के संबंध में कहा कि इस साहित्य उत्सव का उद्देश्य साहित्य को जन-जन तक पहुँचाना, युवा रचनाकारों को मंच प्रदान करना तथा पूर्वी सिंहभूम को साहित्यिक मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाना है. जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम का जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील है कि इस साहित्य उत्सव में सहभागिता कर इसे सफल बनाएं.















