जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में खरसावां शहीद दिवस की ड्यूटी से लौट रहे बुनियादी प्रशिक्षुओं के साथ शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जवानों से भरी गाड़ी जब सीटीसी मुसाबनी वापस जा रही थी, उसी दौरान पोटका थाना क्षेत्र के रोलीडीह गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जवानों की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसके आगे चल रही एक कार भी इस हादसे की चपेट में आ गई. हादसे में गाड़ी में सवार कई जवानों को चोटें आई हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा कार में बैठे लोग भी घायल हुए हैं. हालांकि सूत्रों के अनुसार सभी घायलों को हल्की चोटें आई हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जवानों ने इस हादसे के लिए सीटीसी प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि शहीद दिवस ड्यूटी के लिए सुबह से ही वे तैनात थे, लेकिन पूरे दिन उन्हें कोई वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
देर रात अचानक मुसाबनी लौटने का आदेश दिया गया, जिसके बाद थके हुए जवानों को मजबूरी में यात्रा करनी पड़ी. जवानों का आरोप है कि हादसे के बाद भी किसी वरिष्ठ अधिकारी ने अब तक मामले का संज्ञान नहीं लिया और न ही मौके पर कोई तत्काल सहायता पहुंचाई गई. हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.














