सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ में शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा डुमटांड़–ईचागढ़ केनाल सड़क पर पाटपुर के पास शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में चीतरी गांव निवासी 22 वर्षीय शंकर सिंह और उनके जीजा 55 वर्षीय रथु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके साथ मौजूद 13 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. (नीचे भी पढ़े)
जानकारी के अनुसार तीनों मिलन चौक से अपने घर चीतरी लौट रहे थे.घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उप मुखिया संतोष सिंह ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.















