जमशेदपुर : गोलमुरी के टुइलाडुंगरी गढ़ाबासा कम्युनिटी सेंटर में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के सातवें दिन, शुक्रवार को ब्यास पीठ से कथावाचक आचार्य कुमार स्वामी ने सुदामा चरित, शुकदेव विदाई, राजा परीक्षित के मोक्ष आदि विभिन्न प्रसंगों की कथा का सरस वर्णन किया. (नीचे भी पढ़ें)

सातवें दिन आचार्य कुमार स्वामी ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि परमात्मा बिना मांगे ही भक्तों को सब कुछ प्रदान कर देता है. कथा ब्यास ने सुदामा चरित की कथा सुनाते हुए कहा कि परमात्मा में आसक्ति मनुष्य को सांसारिक मोह माया से मुक्त करने वाली है और जीव इसके बल पर भव बंधन से पार पा जाता है. उन्होंने विस्तार से बताया कि मित्रता कैसे निभाई जाए यह भगवान श्री कृष्ण और सुदामा जी से सीखा जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने आगे कहा कि मित्रता करो, तो भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जैसी करो. सच्चा मित्र वही है, जो अपने मित्र की परेशानी को समझे और बिना बताए ही मदद कर दे. परंतु आजकल स्वार्थ की मित्रता रह गई है. जब तक स्वार्थ सिद्ध नहीं होता है, तब तक मित्रता रहती है. जब स्वार्थ पूरा हो जाता है, मित्रता खत्म हो जाती है. कथा ब्यास की वाणी से भगवान श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता की कथा सुनकर पंडाल में मौजूद सभी श्रोता भाव विभोर हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

आचार्य कुमार स्वामी ने सात दिन की कथा का सारांश बताते हुए कहा कि मानव जीवन कई योनियों में भ्रमण करने के बाद मिलता है. इसे कैसे जीना चाहिए, इसके बारे में भी उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को समझाया. उन्होंने श्रोताओं से भागवत को अपने जीवन में उतारने की अपील की. आचार्य ने गौ सेवा कार्य करने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

आचार्य जी ने अंत में श्रीकृष्ण के दिव्य लोक गमन के प्रसंग का वर्णन किया. महाआरती के बाद भोग वितरण किया गया. कथा के दौरान सातों दिन राधे-राधे के उद्घोष से माहौल भक्ति के रस में डूबा रहा. कथा के अंत में ब्यासपीठ की ओर से वहां उपस्थित आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों को पट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर अपने संबोधन में समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने उपस्थित श्रोताओं का श्रीमद्भागवत कथा से प्राप्त शिक्षाओं का अपने जीवन में उतारने की अपील की. उन्होंने क्षेत्र के आम लोगों का भक्त भगवान सेवा समिति के साथ ऐसे ही सहयोग बनाये रखने का आग्रह किया ताकि समिति हर वर्ष ऐसे ही उत्साह के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन कराती रहे और क्षेत्र के लोगों को जीवन में सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती रहे. उन्होंने यज्ञानु्ष्ठान की आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जिनके प्रयासों से टुइलाडुंगरी क्षेत्र में श्रीमद्भागवत की पवित्र कथा आयोजित होती है. उन्होंने ब्यासपीठ पर विराजमान आचार्य कुमार स्वामी के स्वस्थ जीवन की भी कामना की ताकि वे हर वर्ष ऐसे ही श्रोताओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से सन्मार्ग दिखाने का कार्य करते रहें. (नीचे भी पढ़ें)
कथा से पहले लक्ष्मीनारायण यज्ञ के तहत यज्ञ पुरोहित ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई. यजमान, समिति की अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने पूजा संपन्न की. कथा को सफल बनाने में सुषमा सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद, राव बाबू, मोहन कुमार, मामराज गुप्ता, विलास झा आदि ने उल्लेखनीय योगदान किया.















