जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र से छिनतई की एक और घटना सामने आई है. शीतला मंदिर के समीप टेम्पू सवार एक महिला शिक्षिका से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए. पीड़ित महिला शिक्षिका की पहचान हेमलता ठाकुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह साकची बाजार में शादी की खरीदारी के लिए आई थीं. इसी दौरान जब वह टेम्पू में सवार थीं, तभी अज्ञात बाइक सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़े)
पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और आधार कार्ड मौजूद था. घटना के बाद पीड़ित महिला ने साकची थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है. घटना की शिकार महिला शिक्षिका ने कहा की हम टेम्पू में बैठे थे, तभी अचानक बाइक पर सवार दो युवक आए और मेरे हाथ से पर्स छीनकर भाग गए. पर्स में 20 हजार रुपये, मोबाइल और आधार कार्ड था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं.















