जमशेदपुर : झारखंड की माटी से जुड़ी प्राचीन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को कुड़मी समाज द्वारा ‘डहरे टुसू’ पर्व का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर दो स्थानों, डिमना शहीद चौक एवं गम्हरिया से निकाली गई रैलियों के कारण जमशेदपुर के साकची तक सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा क्षेत्र झारखंडी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया. (नीचे भी पढ़ें)


इस अवसर पर एक रैली की शुरुआत गम्हरिया स्थित पूर्व सांसद शहीद सुनील महतो के समाधि स्थल से हुई. यहां से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-मांदर की थाप पर थिरकते हुए साकची आम बागान की ओर रवाना हुए. कुड़माली टुसू लोक गीतों और डीजे की धुन पर झूमती महिलाओं ने शहर में ग्रामीण संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं दूसरी रैली मानगो के डिमनाचौक शहीद स्थल से आरंभ हुई जो डिमना रोड होते हुए साकची आम बगान पहुंच कर संपन्न हुई. इसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एवं युवक-युवतियां नाचते-गाते साकची आमबगान पहुंचे, जहां रैली संपन्न हुई. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के आयोजक बादल महतो तथा कांड्रा निवासी वरिष्ठ नेता विजय महतो ने कहा कि डहरे टुसू केवल एक पर्व नहीं, बल्कि झारखंडी सभ्यता, संस्कृति और पहचान को बचाये रखने का सशक्त आंदोलन भी है. उन्होंने बताया कि यह परंपरा अब खेत-खलिहानों से निकलकर शहरों तक पहुंच रही है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
नई फसल के स्वागत में मनाए जाने वाले टुसू पर्व के इस आयोजन ने सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया. साकची आमबगान में समापन के दौरान वक्ताओं ने अपनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प दोहराया.















