बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के भूतिया पंचायत का मांगड़ोसोल गांव इन दिनों जंगली हाथियों के निशाने पर है. गुरुवार की देर रात दो हाथियों के झुंड ने गांव की सरहद में घुसकर जमकर उत्पात मचाया. इस तांडव में किसानों की मेहनत से लहलहाती दो एकड़ धान की फसल को हाथियों ने पैरों तले रौंद कर बर्बाद कर दिया. हाथियों के इस हमले से किसानों की कमर टूट गयी है. वहीं हाथियों को खदेड़ने के लिए वन विभाग और ग्रामीणों ने संयुक्त मोर्चा खोल दिया है. 14 वनकर्मियों के साथ 20 क्यूआरटी सदस्यों ने गांव की घेराबंदी की. रात के अंधेरे में जंगल का मंजर किसी रणक्षेत्र जैसा दिख रहा था, जहां ग्रामीणों और वनकर्मियों के हाथों में जलती मशालें और पटाखों के धमाके हाथियों को पीछे धकेलने की कोशिश कर रहे थे. अपनी जान की परवाह किए बिना वनकर्मी हाथियों को घने जंगल की ओर खदेड़ने में जुटे रहे. साथ ही वन विभाग की ओर से हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए गांव में सूचना तंत्र को हाई-अलर्ट पर रखा गया है. वाट्सएप ग्रुप और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणा की जा रही है. ग्रामीणों को उन रास्तों पर जाने से मना किया गया है जहां हाथियों की मौजूदगी है.











