जमशेदपुर : टाटा स्टील के पीएफ ट्रस्ट मे घोटाले के मामले को लेकर चारो पीएफ ट्रस्टी ने संयुक्त बयान जारी किया है. इन लोगों ने किसी भी गड़बड़ी से साफ इंकार किया है. पीएफ ट्रस्टी मनोज मिश्र, श्यामसुंदर गोप, ओपी सिंह और राजू महतो ने बयान जारी कर कहा है कि विगत दिनों मीडिया में छपी पीएफ ट्रस्ट को लेकर जो खबर छपी है वह भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें प्रसारित की जा रही हैं. वे पूरी तरह से असत्य और निराधार हैं. (नीचे भी पढ़े)
समाचारों में यह आरोप लगाया गया है कि एक ही दस्तावेज पर 32 कर्मचारियों को पीएफ लोन प्रदान किया गया है, जो कि सरासर गलत एवं भ्रामक है. इन चारो ने संयुक्त हस्ताक्षर कर कहा है कि यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि पीएफ लोन की स्वीकृति बिना समुचित जांच पड़ताल एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए कभी नहीं की जाती है. प्रत्येक आवेदन की विधिवत समीक्षा के बाद ही लोन स्वीकृत किया जाता है. यह पूरा मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होता है, जिसमें जानबूझकर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं. इसका उद्देश्य टाटा स्टील एवं टाटा वर्कर्स यूनियन की प्रतिष्ठा और छवि को धूमिल करना है.











