जमशेदपुर : जमशेदपुर का टेल्को थाना अंतर्गत रामाधीनबागान में बीते छह दिनों से पानी का पाइप फटने से हजारों लीटर पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जिसपर शिकायत के बावजूद किसी प्रकार की कार्यवाई नहीं हो रही है. केवल इतना ही नहीं वहां पाइप फटने से दो दर्जन से ज्यादा घरों में पानी घुस रहा है और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है. आपको बता दे कि बीते छह दिनों से ठंड के मौसम में टेल्को के रामाधीनबागान रोड नंबर दो में पाइप लाइन फटने से पानी की बर्बादी हो रही है. इससे करीब 20 घरों के लोग प्रभावित है. इसकी शिकायत पहले टाटा मोटर्स के अधिकारियों से की गयी. उनकी टीम पहुंची और टाटा स्टील यूसीआइएसएल की पाइप लाइन के फटने की बात कहकर वहां से चलते बनी. इसके बाद लोगों ने टाटा स्टील यूआइएसएल से शिकायत की उसके बावजूद अब तक पानी के बहाव को रोका नहीं जा सका. वहीं टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रवक्ता ने बताया कि टीम गयी थी और जांच हुई है. जहां से पानी रिस रहा है, वहां पहले टाटा मोटर्स का ट्रीटमेंट प्लांट था. यह रॉ वाटर की पाइप लाइ हो सकती है. अभी तक स्पष्ट नहीं पाया है कि पाइप किसकी है. गुरुवार को टीम फिर से जांच करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय निवासी संजय सिंह ने बताया कि रामाधीनबागान के बजरंगबली के पीछे पाइपलाइन से पानी निकल रहा है. ठंड के मौसम लोग अपने अपने घरों को छोड़कर छत पर सोने को मजबूर है. बीते छह दिनों से करीब 20 घरें प्रभावित है. अधिकारी केवल आते है जांच करते है और चले जाते है. अब तक पानी के बहाव को रोका नहीं जा सका है. वहीं स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत विधायक पूर्णिमा साहू से की. उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की. परंतु अब तक समस्या जस की तस ही है.



