जमशेदपुर : रविवार दोपहर जमशेदपुर में उस वक्त पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई, जब राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा अचानक जमशेदपुर पहुंचीं. उनके इस दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि डीजीपी का यह दौरा हालिया चर्चित मामलों को लेकर है, जिसको लेकर उच्च स्तर पर समीक्षा की जा रही है. डीजीपी तदाशा मिश्रा के साथ जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय और सिटी एसपी कुमार शुभाशीष भी मौजूद रहे. तीनों वरिष्ठ अधिकारी कदमा–सोनारी लिंक रोड पहुंचे, जहां उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बात की. इस दौरान आसपास के इलाकों में पुलिस की गतिविधियां भी तेज नजर आईं, जिससे लोगों में चर्चा का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
डीजीपी ने कदमा–सोनारी लिंक रोड पर कुछ समय तक रुककर सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली. सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई. हालांकि, पुलिस की ओर से दौरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. डीजीपी के इस दौरे को कैरव गांधी अपहरण मामले से जोड़कर देखा जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस मामले में चल रही जांच और अब तक की प्रगति की समीक्षा के लिए जमशेदपुर पहुंची हैं. अचानक हुए इस दौरे और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि पुलिस किसी अहम मामले को लेकर पूरी तरह सक्रिय है. आनेवाले दिनों में इस दौरे से जुड़े और महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं.




