
जमशेदपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा समर्थित मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक 10 व 11 अक्तूबर को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में होने जा रहा है. इसकी जानकारी संघ के कोल्हान अध्यक्ष कृष्णा सिंह समेत अन्य लोगों ने संवाददाता सम्मेलन में दी. इन लोगों ने बताया कि वे लोग मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रुपरेखा तय करेंगे जबकि कई सारे प्रस्ताव भी पारित किये जायेंगे. आपको बता दें कि जमशेदपुर को इंटक का गढ़ माना जाता है. यहां इंटक की ही कई सारी यूनियनें मौजूद है, जो सभी कंपनियों में सक्रिय है. इस लिहाज से भारतीय मजदूर संघ का यह सम्मेलन काफी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है. कृष्णा सिंह ने बताया कि वे लोग मजदूर हितों में कई सारे काम करेंगे. इसके तहत वे लोग सारे कर्मचारियों को बैंक के माध्यम से पेमेंट दिलाने, इएसआइसी का लाभ, पीएफ की बेहतर तरीके से कटौती, छुट्टी का पैसा दिलाना जैसी सारी सुविधाओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे.



