जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत पठानमारा गांव के समीप रविवार दोपहर करीब दो बजे एक मालवाहक ऑटो में अचानक आग लग गई. इस हादसे में ऑटो पर लदा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ऑटो से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल क्षेत्र में रहने वाले बबन सिंह अपने मालवाहक ऑटो में पेंट और तारपीन के कई गैलन लोड कर चाईबासा की ओर डिलीवरी के लिए जा रहे थे. जैसे ही ऑटो पठानमारा के पास पहुंचा, अचानक उसमें आग लग गई. ऑटो पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील तारपीन लदा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा. (नीचे भी पढ़े)

सड़क पर आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोग दहशत में आ गए.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को खबर दी. सूचना पाकर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने अग्निशमन विभाग को जानकारी दी और स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बालू और मिट्टी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक ऑटो और उसमें लदा पेंट व तारपीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है. पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी को कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.




