जमशेदपुर : आस्था स्पेस टाउन वेलफेयर कमेटी ने कमेटी को ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफाइब्रिलेटर (एईडी) मशीन उपलब्ध कराने के लिए कॉलोनी निवासी राजेश अग्रवाल, आलोक सावा एवं सामाजिक संस्था सुनहरे पल का आभार जताया है. बता दें कि एईडी एक जीवन रक्षक मशीन है, जिसका उपयोग अचानक हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) की स्थिति में हृदय की सामान्य धड़कन बहाल करने में सहायता के लिए किया जाता है. कमेटी ने इस नेक पहल के लिए राजेश अग्रवाल, आलोक सावा एवं सुनहरे पल के सभी स्वयंसेवकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इनके सहयोग एवं प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
कमेटी ने विशेष रूप से टीएमएच कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ मन्दार शाह एवं डॉ सौमैया राघवन को भी धन्यवाद ज्ञापित किया है, जिन्होंने मुंबई से ऑनलाइन जुड़कर बहुमूल्य मार्गदर्शन किया. उन्होंने कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए समय पर उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों, सावधानियों, सीपीआर एवं एईडी मशीन के उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. कमेटी ने कहा कि उनका मार्गदर्शन इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बनाने में सहायक रहा. कमेटी ने इस कार्यक्रम में उपस्थित रह कर आपात स्थिति में एईडी मशीन के उपयोग की प्रक्रिया सीखनेवाले आस्था स्पेस टाउन के सभी निवासियों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया है.





