जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड जमशेदपुर महानगर की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही विवाद बढ़ गया है. नयी कार्यकारिणी समिति में कार्यकारी अध्यक्ष के पद को समाप्त करने की घोषणा कर दी गई थी. इसके बाद विरोध और विवाद भी शुरू हो गया है. जनता दल यूनाइटेड के जमशेदपुर महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि उन्हें अखबार के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि जदयू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार द्वारा महानगर कार्यकारी अध्यक्ष के पद को समाप्त करने की खबर प्रकाशित हुई है.(नीचे भी पढ़े)
राणा प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई भी आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि महानगर कार्यकारी अध्यक्ष का पद पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा सृजित किया गया है, और किसी भी स्थिति में जिला अध्यक्ष या महानगर अध्यक्ष को इस पद को समाप्त करने का अधिकार नहीं है. यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष या उनके द्वारा अधिकृत जिला के प्रभारी स्तर से ही लिया जा सकता है. राणा प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए गठबंधन के समर्थन में बात रखने के कारण पार्टी के कुछ लोग उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने की साजिश रच रहे हैं. उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से इस पूरे मामले का संज्ञान लेने एवं निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. इसके बाद यह मामला गरमा गया है.




