नयी दिल्ली: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया. इसमें दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र समेत 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा.झारखंड के पूर्व सीएम दिवंगत नेता शिबू सोरेन और बॉलीवुड सिंगर अलका याग्निक समेत 13 हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

क्रिकेटर रोहित शर्मा, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी प्लेयर सविता पूनिया समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री के लिए चुना गया है. पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 19 महिलाएं हैं. इनमें 6 विदेशी/एनआरआई कैटेगरी के लोग भी हैं. 16 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं.(नीचे भी पढ़े)

राजस्थान के डीग जिले के रहने वाले गफरुद्दीन मेवाती जोगी भपंग वादक और ‘पांडुन का कड़ा’ गायक हैं. वे पांडुन का कड़ा के एकलौते लोक गायक हैं. गफरुद्दीन को 2024 में संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप सम्मान मिल चुका है. उन्होंने देश-विदेश में कई जगह भपंग वादन और पांडुन का कड़ा की प्रस्तुतियां दी है. उन्हें पांडुन का कड़ा के 2500 से ज्यादा दोहे याद हैं.अंके गौड़ा कर्नाटक के मैसूर के पास हरालाहल्ली गांव के रहने वाले हैं. 20 साल की उम्र में बस कंडक्टर की नौकरी करते हुए उन्होंने किताबें जुटानी शुरू कीं. (नीचे भी पढ़े)

अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा उन्होंने किताबों पर खर्च किया, यहां तक कि घर भी बेच दिया. आज उनकी ‘पुस्तक माने’ लाइब्रेरी में 20 लाख से ज्यादा दुर्लभ किताबें हैं. गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म श्री 2026 से सम्मानित किया जाएगा.सामाजिक कार्यकर्ता बुधरी ताती छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के हिरानार गांव की रहने वाली हैं. 15 साल की उम्र से ही इन्होंने समाज सेवा का काम शुरू कर दिया था. बस्तर में महिलाओं को जागरूक करने से लेकर शिक्षित करने का काम किया. साथ ही वृद्धा आश्रम, अनाथ आश्रम चलाती हैं.देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों- पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण में प्रदान किए जाते हैं. ये पुरस्कार कला, समाज सेवा, साइंस, इंजीनियरिंग, बिजनेस, इंडस्ट्री, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं.




