जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के बुधराम बस्ती में मंगलवार को एक 33 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आकाश का शव उसके कमरे से बरामद किया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका से इनकार किया है और मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के परिजनों ने आकाश की पत्नी पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि आकाश ने करीब पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह परिवार से अलग रह रहा था. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गयी थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान था. परिजनों का आरोप है कि पत्नी के चले जाने के बाद वह गहरे तनाव में था और इसी वियोग में उसने आत्महत्या कर ली. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं, सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों से गाली-गलौज करने के बाद वहां से वापस लौट गयी. इस दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.




