जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने शहर के युवा उद्यमी कैरव गांधी की सकुशल घर वापसी पर हर्ष व्यक्त किया है. चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मानव केडिया की अध्यक्षता में जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय एवं सिटी पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी एवं इस कार्य में पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर उन्हें धन्यवाद दिया.

इस अवसर पर अध्यक्ष मानव केडिया ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि जमशेदपुर जैसे शांतिपूर्ण शहर में इस तरह की वारदात लोगों में, विशेषकर व्यवसायियों एवं उद्यमियों के बीच दहशत और डर का माहौल पैदा करती है, क्योंकि अपराधियों के निशाने पर उद्यमी एवं व्यवसायी समाज ही आता है. इसलिए पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाए एवं कैरव गांधी अपहरण कांड में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दिलाये. उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन चुस्त-दुरुस्त होकर अपना कार्य करेगा जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे.
चैम्बर ने व्यवसायी-उद्यमियों से भी अपील की कि वे ऐसी घटनाओं से घबराएं नहीं और निडर होकर अपना व्यापार करें एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने कार्यक्षेत्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगायें. अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने जिस तरह गोपनीय तरीके से सक्रियता दिखाई, वह प्रशंसनीय है. इसी का परिणाम है कि कैरव की सकुशल घर वापसी हो सकी. इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मानव केडिया के साथ महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, दीपक चेतानी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे.




